छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
हाथी आया भूखा-प्यासा
उसको थी दर्जी से आशा
दर्जी खाने को देता था
उसको अपना मान कर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
दर्जी को था काम ज़रूरी
बाहर जाना थी मजबूरी
बैठाकर वो चला गया
अपना बेटा दुकान पर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
बड़े पेट की भूख मिटाने
हाथी आया सीना ताने
लड़के ने डंडे बरसाए
बेचारे बेजुबान पर!
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
सूँड़ में गंदा पानी लाकर
डाल दिया कपड़ों के ऊपर
हाथी को जब गुस्सा आया
उस लड़के शैतान पर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
काम से दर्जी वापस आया
कपड़े देखे, सिर चकराया
डाँट पड़ी जब बेटे पर तो
सच आया ज़ुबान पर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
अगले दिन जब आया हाथी
तब लड़के ने माँगी माफी
हाथी ने भी दया दिखाई
उस लड़के नादान पर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
दर्जी ने केले मंगवाएं
और हाथी को खूब खिलाए
झूम-झूम कर नाचा हाथी
दर्जी की दुकान पर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।
अच्छे व्यवहार की बात निराली
जीवन में रहती खुशहाली
अच्छे के संग अच्छा होता
विश्वास रखो भगवान पर
छम-छम करता हाथी आया
दर्जी की दुकान पर।।
* सूरज कुमार
(AI निर्मित संगीतबद्ध कविता सुनने के लिए नीचे दिए गए लिंक को long press कर open करें)
https://youtu.be/xz7m01NNzJ0?si=AtIbNHSux5tuoVP_

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें